प्रकाश वर्ष क्या है?
दिन, महीना, साल (वर्ष) यह सब तो समय को मापने के तरीके हैं । लेकिन प्रकाश वर्ष समय मापने की इकाई नही है । प्रकाश वर्ष (light year) दूरी मापने की इकाई है । जैसे कि दूरियों को हम मीटर, किलोमीटर इत्यादि में मापते हैं । बहुत बड़ी दूरियों जैसे कि पृथ्वी एवं तारों के बीच की दूरियों को मापने के लिए प्रकास वर्ष इकाई (unit) का प्रयोग किया जाता है ।
एक प्रकाश वर्ष वह दूरी है जो प्रकाश एक वर्ष में तय करता है । जी हां बच्चों जिस प्रकार हम चलते हैं, यां बाकी कई चीजें चलती हैं, प्रकाश भी चलता है । लेकिन प्रकाश की गति बहुत अधिक है । प्राय: साइकिल 10-20 किमी/घंटे की रफ्तार से हम चलाते हैं । कार, बस, ट्रेन इन सबकी गति 50-100 किमी / घंटा की होती है । जापान एवं अन्य यूरोपीय देशों में बुलेट ट्रेनें 200-250 किमी/ घंटे की रफ्तार से दौड़ती हैं । हवाई जहाज 700-800 किमी/घंटे की गति से चलते हैं । लेकिन प्रकाश (light) की गति 3,00,000 किमी / सेकेण्ड होती है । जी हां प्रति सेकेण्ड न कि प्रति घंटा । इस गति से प्रकाश एक वर्ष में कितनी दूरी तय करेगा ? क्या आप बता सकते हैं ? बहुत आसान है गणना करना । एक वर्ष में कितने सेकेण्ड होते हैं – 365×24x60×60 सेकेण्ड ।
अब अगर इस संख्या को प्रकाश की गति से गुणा कर दिया जाए तो हमें वह दूरी मिलती है, जो प्रकाश एक वर्ष में तय करेगा । और वह दूरी होगी – 365×24x60×60x3,00,000 किमी; अर्थात 94,60,00,00,00,000 = 9.46×10(to the power12) किमी ।
इस हिसाब से सूर्य पृथ्वी से कितने प्रकाश वर्ष दूर है । पृथ्वी से सूर्य की दूरी लगभग 15,00,00,000 किमी है । सूर्य से प्रकाश को पृथ्वी तक पहुंचने में 8 मिनट एवं 20 सेकेण्ड लगते हैं । अर्थात पृथ्वी से सूर्य की दूरी 8 प्रकाश मिनट एवं 20 प्रकाश सेकेण्ड है ।
सूर्य के बाद पृथ्वी से सबसे नजदीक तारा ‘प्राक्सिमा सेंचुरी’ है । इसकी पृथ्वी से दूरी 4.25 प्रकाश वर्ष है । इसका तात्पर्य यह हुआ कि इस तारे से प्रकाश को पृथ्वी तक पहुंचने में 4.25 वर्ष लगते हैं । कुछ तारों से पृथ्वी तक प्रकाश पहुंचने में हजारों वर्ष लग जाते हैं । अब आप खुद ही कल्पना कर सकते हैं कि वह तारे पृथ्वी से कितनी दूरी पर हैं !
( आपके पास इस तरह की और जानकारी हो तो कुलवंत सिंह को लिखे या हमें लिखे. हम उसे ‘आखर’ मे पोस्ट करेंगे)
कुलवंत सिंह
वैज्ञानिक अधिकारी
भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र
मुंबई – 400085

अच्छी सूचना है। विज्ञान के बारे में कुछ अन्य चिट्ठियां प्रकाशित करें।
कृपया वर्ड वेरीफिकेशन हटा लें। यह न केवल मेरी उम्र के लोगों को तंग करता है पर लोगों को टिप्पणी करने से भी हतोत्साहित करता है। आप चाहें तो इसकी जगह कमेंट मॉडरेशन का विकल्प ले लें।